निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा उपलब्ध |

गौतम कुमार शर्मा
डेहरी /रोहताश
आज जबकि पूरे विश्व में कोरोना जैसी महामारी ने लोगों को घरों में बंद कर दिया है। लोगों को असहाय और निरीह बना दिया है। लोग भोजन और स्वास्थ्य लाभ से भी वंचित हो रहे हैं। ऐसे में डेहरी स्थित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संरचना की प्रतिनिधि संस्था "सोन कला केंद्र" ने संकट "मोचन स्वास्थ्य सहायता केंद्र" के बैनर तले गरीब मजदूर एवं वंचित तबके के लोगों के लिए निःशुल्क  स्वास्थ्य जांच एवं दवा उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया था । डेहरी के प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर श्याम बिहारी प्रसाद अपने "प्रसाद हार्ट सेंटर " में पिछले डेढ़ माह से लोगों का मुफ्त में इलाज कर रहे हैं। आगामी 3 मई तक लॉक डाउन समाप्त होने अथवा आगे बढ़ने की स्थिति में भी यह संकट मोचन स्वास्थ्य सहायता केंद्र लोगों का निशुल्क जांच एवं इलाज करता रहेगा। इस आशय की जानकारी सोन कला केंद्र के अध्यक्ष दया निधि श्रीवास्तव उर्फ भरत लाल एवं संकटमोचन स्वास्थ्य सहायता केंद्र के संचालक डॉ श्याम बिहारी प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया  कि कल रात्रि सोन कला केंद्र के संरक्षक मंडल की वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा आयोजित आपात बैठक में इस पर मुहर लगा दी गई है।

ज्ञातव्य हो कि सोन कला केंद्र के संरक्षक मंडल में डेहरी के विधायक सत्यनारायण सिंह, प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर श्रीमती रागिनी सिन्हा, डॉ. श्याम बिहारी प्रसाद , डॉ . निर्मल कुमार सिंह , शिक्षाविद राजीव रंजन जी , व्यवसाई उदय शंकर जी एवं अरुण गुप्ता शामिल है 

 उल्लेखनीय है कि सोन कला केंद्र के अधिकृत कार्यालय स्टेशन रोड स्थित शंकर लॉज ने संकट मोचन सहायता केंद्र में गरीब लोगों के इलाज एवं जांच के लिए निशुल्क कूपन जारी करता है। पिछले डेढ़ माह में 200 से भी अधिक लोगों ने निशुल्क इलाज एवं जांच कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं।