डेहरी/ रोहतास
लॉक डाउन का सख्ती से पालन करने को लेकर जिले के सभी प्रमुख मार्गों को सील करने संबंधी डीएम के निर्देश पर गुरुवार को इंद्रपुरी बराज पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारी ने रोहतास औरंगाबाद के सीमा को सील कर दिया। तथा थानाध्यक्ष को लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया। एसडीएम लाल ज्योति नाथ शाहदेव एएसपी संजय कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने हेतु जिले के सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। इसी के तहत इंद्रपुरी बराज के मुख्य पथ को भी सील कर दिया गया है। क्योंकि उक्त पथ रोहतास और औरंगाबाद सीमा को जोड़ता है। तथा लॉक डाउन की स्थिति में उक्त पथों से वाहनों के आवागमन की सूचना मिल रही थी। इंद्रपुरी बराज पथ को सील करने के उपरांत पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने डेहरी से इंद्रपुरी तक वाहन चेकिंग व रोको टोको अभियान चलाया। जिसमें करीब 40 मोटरसाइकिल व पांच चार पहिया वाहन को जप्त कर उससे जुर्माना वसूला गया। साथ ही पुलिस ने कई बाइक सवार युवकों को मुर्गा बनाया तो कई की पिटाई भी की। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस प्रशासनिक विभाग से जुड़े कई कर्मी भी जांच के चपेट में आएं, अधिकारियों से मिन्नतें भी की। किंतु पुलिस अधिकारी किसी को सुनने को तैयार नहीं थे। और अंततः जिसके भी वाहन जप्त थे, उनसे जुर्माना वसूलने के साथ-साथ चेतावनी भी दी जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना था कि वैसे वाहनों के नंबर दर्ज किए जा रहे हैं। यदि लॉक डाउन में दुबारा ऐसे वाहन जप्त होते हैं, तो उन पर जुर्माना के साथ-साथ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। एएसपी ने इंद्रपुरी थानाध्यक्ष निहोरा राम को निर्देश देते हुए कहा कि लॉक डाउन के अनुपालन कराने में किसी प्रकार की सुस्ती नहीं बरतनी चाहिए। चाहे जो भी हो लॉक डाउन का उल्लंघन करने वाले पर कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन जांच में नगर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, बीडीओ अरुण कुमार सुमित क्विक रिस्पांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल थे।