रिपोर्ट ;गौतम शर्मा ,वारिस अली
डेहरी /रोहतास
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में राजनीतिक संचार पर व्याख्यान का आयोजन
सासाराम. 30 जुलाई 2022
गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कला संकाय अंतर्गत पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के तत्वाधान में राजनीतिक संचार और पत्रकारों के कार्यशैली पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
इस दौरान आमंत्रित वक्ता के रूप में जी न्यूज के राजनीतिक सम्पादक शैलेन्द्र कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि पत्रकारिता की विधा बहुत बदल चुकी है और पत्रकारों के समक्ष नई चुनौतियां आ गयी हैं। ऐसे में पत्रकारिता के नए साथियों को नए विधा के साथ अपने आप को समायोजित करने की जरूरत है। पत्रकारिता समाज का आईना होती है और वो आम लोगों की बातों को विस्तृत फलक प्रदान करती है।
साथ ही उन्होंने अपने उद्बोधन में राजनीतिक पत्रकारिता के गुण और बारीकियों को समझाया।
व्याख्यान के शुरुआत में कला संकाय के अध्यक्ष प्रो डॉ सुरेश चंद्र नायक ने विभाग में आगत वक्ता का सम्मान करते हुए कहा कि पत्रकारिता के छात्रों को अध्ययन के साथ फील्ड की जानकारी भी रखनी चाहिए क्योंकि अंत में पत्रकारिता समाज के बीच जाकर करनी होती है। पत्रकारिता के छात्रों को अध्ययन के दौरान समय का उचित प्रबंधन और भाषाई मर्यादा पर विशेष जोर देना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ स्नेहाशीष वर्धन ने किया।
इस दौरान विभाग के सहायक प्राध्यापक फहमीना हुसैन, डॉ अमित कुमार सिंह, स्मृति, चंचल सिंह, सहायक कुलसचिव मिथिलेश सिंह सहित विभाग के परास्नातक और स्नातक के छात्र-छात्राएं शामिल रहे
