गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-
डेहरी /रोहतास
रोहतास जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित प्रबंधन संकाय के नवागंतुक छात्रों के लिए अधिष्ठापन कार्यक्रम के दौरान विविध विषयों पर संवेदीकरण सत्र आयोजित किए गए। इनमें अर्थव्यवस्था, उद्यमिता,आचारनीति तथा नीतिशास्त्र, मानव मूल्य, प्रबंधकीय संप्रेषण, सूचना प्रौद्योगिकी के अलावा सांख्यिकी एवं इसके प्रबंधकीय उपयोगिता पर विशेष सत्र का आयोजन हुआ। प्रमुख वक्ताओं में रिसर्च मेथोडोलोजी पर काशी विद्यापीठ वाराणसी के प्रो कृपा शंकर जायसवाल, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के प्रो सेराज रंजन,आई आई टी धनबाद के प्रो प्रमोद पाठक,एम एम एस वाराणसी के प्रो कमल शील मिश्रा, बीएचयू वाराणसी के प्रो ज्ञान प्रकाश सिंह और प्रो ओ पी राय तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रयागराज के प्रो आर एस सिंह शामिल हैं। इस दौरान एक विशेष सत्र का आयोजन भी हुआ जिसमें जेपी विश्वविद्यालय छपरा के भूतपूर्व कुलपति एवं शिक्षा संकाय बीएचयू के भूतपूर्व डीन प्रोफेसर हरिकेश सिंह ने नवागंतुक विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि अधिष्ठापन के महत्व को समझते हुए अपने आचरण और कर्तव्य को सदैव अपने साथ रखें और अपना अपने माता ,पिता, शिक्षक और संस्थान को सदैव गौरवान्वित करते रहें ।इस अवसर पर कुलसचिव डॉ राधेश्याम जयसवाल ,एकेडमिक निदेशक सुदीप कुमार सिंह ,प्रबंध शिक्षा संकाय प्रमुख प्रो आलोक कुमार भी उपस्थित थे।