मयंक शास्त्री की रिपोर्ट ;-
बारूण(औरंगाबाद):- बारूण प्रखंड के भोपतपुर पंचायत में शुक्रवार रात हुई तेज वर्षा के चलते पंचायत क्षेत्र के सीरिस और भोपतपुर गांव में कच्चा मकान गिर गया। हालांकि उस समय घर में मौजूद अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। क्षेत्र के युवा समाजसेवी संजय कुमार,शशिकांत कुमार ने बताया कि भोपतपुर पंचायत के बरवाडीह निवासी फुलवतिया देवी पति अनिल सिंह और भोपतपुर निवासी मोती देवी पति स्व. दशरथ चौधरी के कच्चा घर तेज बारिश होने के कारण रात को अचानक गिर गया। बताया कि रात करीब एक बजे बारिश तेज हो गई और अचानक कच्चे मकान की मिट्टी से बनी दीवार गिरने से खपडेल भी नीचे आ गिरी। जब हादसा हुआ तो परिवार के अन्य सदस्य अंदर ही सोए थे। मकान की एक ही दीवार गिरी, जिससे खपड़े छत उसी तरफ झुक गई। गनीमत रही कि परिवार दूसरी तरफ था। जिससे उनका परिवार हादसे में बच गया। बताया कि पीड़िता मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करती है। कच्चा मकान गिरे दो दिन बीत गए परन्तु अभी तक न तो प्रशासन का सहयोग मिला और नही किसी जनप्रतिनिधियों का। इस मामले में जब बारूण अंचलाधिकारी राणा आशुतोष प्रताप सिंह से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कच्चा मकान गिरने की सूचना अभी तक मुझे प्राप्त नही हुआ है। आवेदन मिलते ही पीड़ितों की सहायता की जाएगी।
