दीपराज की रिपोर्ट ;-
डेहरी/रोहतास
केंद्रीय कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच खबर दिल्ली से सामने आयी है कि आगामी 8 जुलाई को केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होना तय हुआ है। सुबह 10:30 बजे मोदी कैबिनेट के नए मंत्री शपथ लेंगे। हालांकि अब तक कैबिनेट में शामिल होने वाले नए चेहरों के नाम साफ नहीं हो पाया है। बता दें कि कैबिनेट विस्तार को लेकर कई नेताओं को नई दिल्ली बुलाया जा रहा है। जबकि केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को अब राज्यपाल बना दिया गया है। ऐसे में संकेत साफ है कि इस बार कई मंत्रियों को बदला जा सकता है और बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में सबसे अधिक संभावना जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को लेकर जताई जा रही है। कहा तो यह भी जा रहा है कि उन्हें इसके लिए बुलावा मिल गया है और वे दिल्ली रवाना भी हो गए हैं। लोजपा सांसद चिराग पासवान भले मोदी का हनुमान होने का दावा करते हैं, लेकिन चर्चाएं हैं कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से बेदखल करने वाले चाचा पशुपति पारस को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। उन्हें इसके लिए अमित शाह का फोन भी आ चुका है। पारस ने सोमवार को कहा था कि लोजपा में कोई टूट नहीं है। चिराग सहित सभी छह सांसदों के नेता वही हैं और इसे लोकसभा अध्यक्ष ने भी मंजूरी दी है। भाजपा सांसद और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के लिए भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसे कयास तब से हैं, जब उन्हें बिहार सरकार में मंत्री बनने का मौका नहीं मिला और उन्हें बाद में राज्यसभा भेजा गया है।
