गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-
डेहरी /रोहतास
रोहतास जिले में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। ताजा आंकड़ों के अनुसार रोहतास जिले में नए संक्रमित मरीजों की संख्या अब 467 हो चुकी है। पिछले चार दिनों में संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमें से एक व्यक्ति की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। इस तरह से जिले में संक्रमण से अब मरने वाले की संख्या सरकारी आंकड़ों के अनुसार 50 पहुंच गई है। जिले में तेजी से फैलते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच प्रक्रिया तेज कर दी है और संक्रमण के चेन को तोड़ने के लिए संक्रमित पाए गए लोगों से संपर्क में आए सभी की जांच की जा रही है। साथ ही साथ उक्त क्षेत्र में माइक्रो कंटेनमेंट जोन भी बनाए जा रहे हैं। संक्रमण का दायरा अब सदर अस्पताल तक पहुँच गया है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने एक बार फिर स्वास्थ्य कर्मियों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। सदर अस्पताल सासाराम में कार्यरत जिला योजना समन्वयक कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। साथ ही उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गई हैं। दो दिन पूर्व भी सदर अस्पताल के ही तीन अन्य चिकित्सक संक्रमित पाए गए थे। वहीं अस्पतालकर्मी के संक्रमित होने से एक बार फिर स्वास्थ्य कर्मियों में थोड़ा भय देखा जा रहा है। अस्पताल कर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी अस्पताल कर्मियों के साथ साथ स्वास्थ्य कर्मियों की कोरोना जांच की जा रही है।
एक दिन में सबसे अधिक 112 लोग संक्रमित हो गए हैं।
रोहतास जिले में जैसे-जैसे कोरोना जांच में तेजी लाई जा रही है, वैसे-वैसे संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी ऋतुराज ने बताया गुरुवार को आयी रिपोर्ट के अनुसार 1 दिन में 112 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पिछले एक हप्ते में 300 से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं । जिले में अब नए एक्टिव मरीजों की संख्या 467 हो गई है। इस तरह से जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 7573 हो गई है। वहीं ही 7056 मरीज कोरोना से ठीक भी हो चुके हैं। नए संक्रमित मरीजों में 449 व्यक्तियों को होम आइसोलेशन पर रखा गया है। जबकि 18 को अस्पतालों में बने आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है।
जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण प्रसार दर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ साथ जिला प्रशासन भी लोगों को सुरक्षित रहने के लिए अपील कर रहा है। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपील की जा रही है कि लोग अधिक से अधिक मास्क का इस्तेमाल करें। भीड़ भाड़ से बचते हुए सोशल डिस्टेंस का भी पालन करें। आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें।