गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-
डेहरी। रोहतास थाना चौक पर कैंडल जला शहीद सैनिकों को किया नमन
पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में प्रमुख सांस्कृतिक संस्था अभिनव कला संगम द्वारा डेहरी नगर थाना चौक पर कैंडल जलाकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने कैंडल जलाकर दो मिनट का मौन रख कर शहीद सैनिकों को नमन किया। संस्था अध्यक्ष कौशलेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जब देश के सैनिक रात भर जागते हैं, तो पूरा देश चैन की नींद सोता है। भारत के मान-सम्मान तथा एकता और अखंडता की रक्षा करने में सैनिकों द्वारा दी गई शहादत को पूरा देश नमन करता है। सैनिकों द्वारा अपने पराक्रम के बल पर दुश्मनों को धूल चटाया जाता है। यदि शहीद सैनिकों की खातिर संस्था के सदस्यों को खून का कतरा भी देना पड़े तो संस्था सदस्य तैयार है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि हमारे देश की बुनियाद सैनिकों के मजबूत कंधों पर टिकी है। हमारा गुलशन उन्हीं की बदौलत गुलजार है। और हम सभी आजाद हवा में चैन की सांस ले रहे हैं। हमारे सैनिक हमारे देश की आन बान और शान हैं। ऐसे में हर देशवासियों को बॉर्डर पर तैनात सैनिकों व शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ हर कदम साथ रहना चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम का समापन सदस्यों द्वारा भारत माता की जय, शहीद सैनिक अमर रहे तथा वंदे मातरम के नारों से किया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संस्था महासचिव कमलेश कुमार, सचिव नंदन कुमार, कोषाध्यक्ष शशि श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष संजय यादव, संतोष नीरज, सीमल सिंह, शंभू गुप्ता, विनय मिश्रा, कलाम हाशमी, विजय चौरसिया, प्रेम प्रकाश, शंभू गुप्ता, शिव प्रसाद गुप्ता, मनोज गुप्ता, शंभू शैम समेत अन्य सदस्य शामिल थे।
