डेहरी अनुमंडल क्षेत्र में इको पार्क बन रहे एनीकट इलाके में नगर परिषद द्वारा बनाए जा रहे पार्क से रविवार को एक बार फिर से पहुंचे पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाया। लाव लश्कर के साथ पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम सहित जेसीबी मशीन के अलावे काफी संख्या में महिला पुरुष पुलिस बल और नगर परिषद के कर्मियों को लगाया गया था। इस दौरान करीब आधे दर्जन महादलित परिवारों के झुग्गी झोपड़ी को हटाया गया। महादलित परिवारों के विरोध के बाद अधिकारियों ने आर्थिक सहायता देने की बात कही है। इसके पहले भी कई चरणों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो चुकी है। जैसे-जैसे काम आगे बढ़ता है उजाडे गए परिवार पार्क के ही भूमि पर पीछे बसते जा रहे हैं। उन्हें अब वहां से हटाना एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
नगर परिषद ने पार्क निर्माण के लिए सिंचाई विभाग से 5 एकड़ जमीन हस्तांतरित कराया है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पार्क की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले महादलित परिवारों को चिन्हित किया जा चुका है। इन्हें पुनः बसाने के लिए शहर से सटे मनोरा गांव के पास भूमि चिन्हित कर ली गई है जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण कर बसाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्क की शेष बची हुई भूमि पर से भी शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी। इधर बताया जा रहा है कि नगर परिषद फिलहाल 3 एकड़ भूमि पर ही बाउंड्री वाल खड़ा कर रही है।इस इलाके को संरक्षित और सौंदर्यीकृत नहीं किया गया तो इसका अस्तित्व मिट जाएगा। अतिक्रमण हटाने के दौरान एएसपी संजय कुमार, बीडीओ अरुण कुमार सिंह, थानाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता सहित कई अधिकारी शामिल थे।

