गौतम कुमार की रिपोर्ट;-
डेहरी पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अनुग्रह नारायण रोड रेक पॉइंट से आंध्र प्रदेश के समालकोट 21 वैगन धान लदी रेक भेजी गयी। धान लदान हेतु मांग पत्र प्राप्त होने के दो दिन के अंदर ही ग्राहक की सुविधा के अनुसार तुरंत रेक उपलब्ध कराते हुए धान का लदान कर भेज दिया गया। समालकोट(आंध्र प्रदेश) धान की रेक भेजने के साथ आज से मंडल में गत वर्षों की भांति इस वर्ष धान के सीजनल ट्रैफिक की शुरुआत हुई ।
इस आशय की जानकारी देते हुए डीडीयू रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी मो इकबाल ने बताया कि चूंकि सड़क मार्ग की अपेक्षा रेलवे से माल का परिवहन अधिक किफायती, तीव्र और सुरक्षित होता है इसलिए रेलवे के माध्यम से सुदूर आंध्र प्रदेश सहित ऐसे अन्य प्रदेशों के बाजारों में अनाज भेजने की सुविधा उपलब्ध होने से पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल क्षेत्र में अच्छी पैदावार वाले चंदौली, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया आदि जिलों के साथ-साथ आसपास के अन्य क्षेत्रों के किसानों और व्यापारियों को अपना अनाज भेजने में आसानी होगी जिससे उनको लाभ होगा। भभुआ रोड, सासाराम,डेहरी, पहलेजा, अनुग्रह नारायण रोड, मानपुर आदि डीडीयू मंडल के प्रमुख स्टेशन हैं जहां से अन्य स्थानों के लिए खाद्यान्न का लदान किया जाता है।
मो इकबाल ने कहा कि मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा उद्यमियों, व्यापारियों, किसानों आदि की सुविधा तथा आय वृद्धि में सहायता हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों की सुविधा एवं लाभ हेतु रेलवे द्वारा पार्सल एवं माल परिवहन हेतु कई रियायतें एवं सहूलियतें दी जा रही हैं। मंडल में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट का गठन किया गया है जिसके द्वारा संभावित पार्सल एवं माल परिवहन ग्राहकों से निरंतर संपर्क कर उन्हें रेलवे से पार्सल एवं माल परिवहन सेवा एवं सुविधाओं की जानकारी देते हुए नए माल भाड़ा ग्राहक बनाकर रेल राजस्व में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं । मंडल द्वारा प्रयास का ही परिणाम है कि इस वर्ष भी अनुग्रह नारायण रोड से धान की रेक आंध्र प्रदेश भेजी जा रही है तथा बनारस की साड़ियों का पार्सल डीडीयू से ट्रेन से मुंबई और चेन्नई भेजने की शुरुआत हुई है।

