चैनंपुलिग कर उतरे सैकड़ों प्रवासी मजदूर

गौतम कुमार शर्मा
डेहरी/रोहतास
डेहरी ऑन  सोन स्टेशन पर आज सुबह दस बजे दिन में ट्रेन संख्या 04006 आनंद विहार टर्मिनल दिल्ली  भागलपुर एवं 04364 लुधियाना गया स्पेशल श्रमिक ट्रेन में सफर कर रहे प्रवासी मजदूरों के द्वारा चैनंपुलिग कर रोक दिया गया। जहां सैकड़ों श्रमिक उतर गए। लेकिन रेलकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी प्रवासी मजदूरों को स्टेशन परिसर से बाहर नहीं निकलने दिया। स्टेशन प्रबंधक राजीव कमल के सूचना के बाद राजकीय रेल पुलिस एवं रेल सुरक्षा बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी मजदूरों को कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म से बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में लाया और डेहरी अनुमंडल प्रशासन के सहयोग से इन्हें बस में भरकर डालमियानगर हाईस्कूल में भेजा गया। जहां उनकी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उनके प्रखंडों में 14 दिनों के लिए भेज दिया गया, जहां उन्हें कोरंटाइन सेंटर में रहना होगा। लेकिन जिस तरह से प्रवासी मजदूरों के द्वारा बीच में ही ट्रेनों को चैनंपुलिग कर उतरने की कोशिश की जा रही है, निसंदेह इससे कोरोना के संक्रमण के खतरे बढने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।